Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
गोपीकांदर(दुमका): सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोपीकांदर का शनिवार सुबह असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सुशांतो कुमार मांझी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, इनडोर, आपातकालीन एवं दुर्घटना सेवा, लेबर रूम, ऑपरेशन थियेटर, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे सेवा और कोल्ड चेन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजी की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित आनंद समेत करीब एक दर्जन कर्मी अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएस ने नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगने तथा एक दिन के वेतन पर रोक लगाने की कार्रवाई की पुष्टि की। सीएस ने चिकित्सक डॉ. हेमंत मुर्मू, डॉ. रवि शंकर प्रसाद समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को गोपीकांदर में रहकर ही मरीजों को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

चिकित्सकों ने क्वार्टर की कमी के कारण काठीकुंड और दुमका से आवागमन कर ड्यूटी करने की बात कही। इस पर सीएस ने कहा कि जरूरत पड़ने पर चिकित्सक गोपीकांदर में निजी आवास लेकर रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों की समय पर उपस्थिति मरीजों को बेहतर एवं समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी है।निरीक्षण के दौरान लैब तकनीशियन जोनाथन मुर्मू, डॉ. हेमंत मुर्मू, डॉ. रवि शंकर प्रसाद, अबुल अंसारी समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।
Repoted By :- Nitesh Kumar Pal, Prime Time News,Dumka.











