JTET परीक्षा केंद्रों पर DC मेघा भारद्वाज की पैनी नजर, सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था का लिया जायजा

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

पाकुड़ :-  झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए पाकुड़ जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन, अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी का जायजा लिया।

उपायुक्त ने केकेएम कॉलेज तथा डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों से परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

कदाचारमुक्त परीक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक अभ्यर्थी को बिना किसी भेदभाव और बाधा के निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी।

CCTV और फ्रिस्किंग व्यवस्था पर विशेष नजर

उपायुक्त ने बताया कि अब तक परीक्षा का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से होता पाया गया है। केंद्राधीक्षक एवं वीक्षक अपने दायित्वों के प्रति सजग और सतर्क हैं। परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी पूरी तरह क्रियाशील हैं।

वहीं, पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की मौजूदगी में अभ्यर्थियों की समुचित फ्रिस्किंग यानी तलाशी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को रोका जा सके।

अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने का निर्देश

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने, विधि-व्यवस्था दुरुस्त रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए लगातार निगरानी जारी रखें। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

फिलहाल पाकुड़ में JTET परीक्षा को लेकर प्रशासन की पैनी निगरानी जारी है। जिला प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि परीक्षा में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा और कदाचार की किसी भी कोशिश पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाता – सरोज झा, प्राइम टाइम न्यूज़, पाकुड़।

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!