मसानजोर जलाशय में मछली उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा, 5.78 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का किया गया संचयन

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

दुमका। जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और स्थानीय मछुआरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। सोमवार, 02 नवंबर 2026 को तालाब तथा जलाशय मत्स्य का विकास एवं जीर्णोद्धार योजना के तहत मसानजोर जलाशय में करीब 5.78 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं (फिंगरलिंग्स) का संचयन किया गया।

इसमें भारतीय प्रमुख कार्प (IMC) प्रजाति की रोहू, कतला और मृगल मछलियों की 4.28 लाख अंगुलिकाएं तथा ग्रास कार्प प्रजाति की 1.50 लाख अंगुलिकाएं शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य जलाशय की मत्स्य उत्पादन क्षमता बढ़ाना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, मसलिया अजफर हसनैन ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य जलाशयों का बेहतर उपयोग करते हुए स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है। इससे जिले में मछली उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और मछली के मामले में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मसानजोर जलाशय में मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने से स्थानीय मत्स्य पालकों की आय में वृद्धि होगी और सरकार की नीली क्रांति की परिकल्पना को साकार करने में मदद मिलेगी।

वहीं, जिला मत्स्य पदाधिकारी ने कहा कि मत्स्य विभाग मछली पालकों को तकनीकी एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय मछुआरों और मत्स्य पालकों से वैज्ञानिक तरीके से मछली पालन करने की अपील की, ताकि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर वे अपनी आमदनी बढ़ा सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।

इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी, प्रधान लिपिक सहित केज मित्र, मत्स्य मित्र, केज लाभुक, मत्स्य बीज उत्पादक एवं मत्स्य कृषक मौजूद रहे।

गौरतलब है कि दुमका जिले के विभिन्न जलाशयों में कुल 33 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं के संचयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत स्थानीय प्रशिक्षित मत्स्य बीज उत्पादकों से मछली के बीज खरीदकर जिले के विभिन्न जलाशयों में संचयन कराया जा रहा है। जिला प्रशासन की इस पहल से आने वाले समय में मत्स्य उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय मछुआरों और विस्थापित परिवारों के लिए रोजगार एवं आय के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

प्राइम टाइम न्यूज़ | दुमका

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!