चार दशक तक पुलिस सेवा देने के बाद भरत भूषण सिंह हुए सेवानिवृत्त, समारोह में दी गई भावभीनी विदाई

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

गोपीकांदर (दुमका) :-  पुलिस की वर्दी पहनकर चार दशक तक देश और समाज की सेवा करने वाले पुलिस अवर निरीक्षक भरत भूषण सिंह 31 अक्टूबर को अपनी लंबी पुलिस सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में शनिवार को गोपीकांदर थाना कार्यालय के सभागार में सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने उन्हें सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी।

समारोह में विभिन्न पंचायतों के मुखिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सांसद प्रतिनिधि ज्योतिष बास्की सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भरत भूषण सिंह के सेवाकाल को याद करते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और सेवा भावना की जमकर सराहना की।

सांसद प्रतिनिधि ज्योतिष बास्की ने कहा कि भरत भूषण सिंह ने पूरे प्रखंड में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनके कार्यकाल में किए गए सराहनीय कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा।

इस अवसर पर उन्हें माल्यार्पण कर एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। सभी ने उनके सेवानिवृत्त जीवन के लिए स्वस्थ, सुखद और मंगलमय भविष्य की कामना की।

40 वर्षों की पुलिस सेवा को किया याद

सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त पुलिस अवर निरीक्षक भरत भूषण सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 1986 में उन्होंने पुलिस सेवा में योगदान दिया था। इसके बाद लगातार 40 वर्षों तक देश और जनता की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस लंबे सेवाकाल में अनुशासन उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा।

उन्होंने गोपीकांदर थाना में बिताए अपने तीन वर्ष छह माह के कार्यकाल को भी याद किया और स्थानीय लोगों एवं पुलिसकर्मियों से मिले सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूरे सेवाकाल में ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है और अपनी कार्यशैली से संतुष्ट हैं। आगे का जीवन भी लोगों के आशीर्वाद और शुभकामनाओं के साथ बिताने की इच्छा जताई।

पुलिसकर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने दी विदाई

समारोह के अंत में स्थानीय पत्रकारों, काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम सिंह, तालझारी थाना प्रभारी सत्यम पाठक, बृज मोहन सिंह, राजन सिंह, जितेंद्र कुमार, नंद मितेश मुर्मू, हराधन पाल, लखीचंद मंडल, मनोज चांद, दशरथ भगत सहित अन्य पुलिसकर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

वहीं मुखिया संगीता मुर्मू, इनोसेंट हेंब्रम, मरांग कुड़ी मरांडी, महावीर राय सहित कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

चार दशक तक पुलिस सेवा में समर्पित रहने वाले भरत भूषण सिंह की विदाई केवल एक अधिकारी की सेवानिवृत्ति नहीं, बल्कि अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्य के प्रति समर्पण से भरे एक लंबे सफर का सम्मान रहा। समारोह में मौजूद लोगों ने उनके उज्ज्वल और सुखमय भविष्य की कामना की।

संवाददाता – नितेश कुमार पाल, प्राइम टाइम न्यूज़, दुमका।

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!