Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Dumka :- दुमका में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शुक्रवार को मध्यप्रदेश से पहुंचे 30 सदस्यीय इन्फ्लुएंसर दल के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करने पहुंचे। श्रीअमड़ा में भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबूलाल मरांडी और इन्फ्लुएंसर दल का जोरदार स्वागत किया।
दुमका पहुंचने के बाद बाबूलाल मरांडी के साथ मध्यप्रदेश से आए 30 सदस्यीय इन्फ्लुएंसर दल ने शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा किया। इस दौरान दिग्घी स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का भी निरीक्षण किया गया।

अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने के बाद बाबूलाल मरांडी ने मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में कराया गया था, लेकिन वर्तमान में अस्पताल की स्थिति दयनीय है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अस्पताल में समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण आम लोगों को अपेक्षित इलाज नहीं मिल पा रहा है। जिस उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया गया था, वर्तमान व्यवस्था में वह उद्देश्य पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा है।

इसके बाद बाबूलाल मरांडी और इन्फ्लुएंसर दल कुमड़ाबाद स्थित सेल्फी ब्रिज पहुंचे। यहां दल के सदस्यों को दुमका में विकसित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं और आधारभूत संरचनाओं की जानकारी दी गई।
भाजपा नेताओं के अनुसार, मध्यप्रदेश से आए इन्फ्लुएंसर दल के दुमका दौरे का उद्देश्य केंद्र की भाजपा सरकार और पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों तथा महत्वपूर्ण परियोजनाओं से दल के सदस्यों को प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना था।
भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में दुमका में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की आधारशिला रखी गई और कई परियोजनाएं पूरी हुईं। इन्हीं विकास कार्यों को देश के दूसरे हिस्सों से आए लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह भ्रमण महत्वपूर्ण है।
इस दौरान भाजपा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।











