Edited by :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़ :- सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम लोगों, विशेषकर युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को पाकुड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज में एक दिवसीय सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। परिवहन विभाग (सड़क सुरक्षा) की ओर से आयोजित कार्यशाला में कॉलेज के विभिन्न बैचों के करीब 200 से 300 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सड़क सुरक्षा अभियान से जोड़ना और उनमें जिम्मेदार नागरिक एवं जिम्मेदार वाहन चालक की भावना विकसित करना रहा। विद्यार्थियों को “खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें” का संदेश देते हुए यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। इनमें राह-वीर योजना, पीएम कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम और हिट एंड रन स्कीम सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में बताया गया। साथ ही IRAD और eDAR के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित डाटा के संग्रहण, विश्लेषण एवं प्रबंधन की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
त्योहारों में विशेष सावधानी बरतने की अपील
त्योहारों के मौसम को देखते हुए विद्यार्थियों को सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई। बताया गया कि उत्साह और मनोरंजन के दौरान लापरवाही के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। वाहन चलाते समय अचानक ब्रेक लगाने, तेज गति, नशे में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों की अनदेखी से बचने की सलाह दी गई।
विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया। भारी व्यावसायिक वाहनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने और अनावश्यक ओवरटेक से बचने की भी सलाह दी गई।
वहीं, दुर्गापूजा एवं अन्य त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित नहीं हो, इसके लिए वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल अथवा सुरक्षित खाली स्थान पर ही खड़ा करने की अपील की गई। विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार और मित्रों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
तकनीकी विद्यार्थी सड़क सुरक्षा में दे सकते हैं योगदान
कार्यशाला में पॉलिटेक्निक कॉलेज के तकनीकी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में तकनीक, नवाचार, डाटा मैनेजमेंट और आधुनिक कार्यप्रणाली के माध्यम से योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवा सड़क दुर्घटनाओं के कारणों के विश्लेषण और उनके समाधान के लिए नए तकनीकी उपाय विकसित कर सकते हैं।
जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल परिवहन विभाग या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सड़क सुरक्षा का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी, सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, रोड इंजीनियर एनालिस्ट मोहम्मद अजहद अंसारी, पाकुड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्राचार्या, शिक्षकगण एवं परिवहन विभाग के अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करने का संदेश दिया गया
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











