Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
साहेबगंज/कोटालपोखर :- दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शनिवार को कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार और बरहरवा इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा के नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
फ्लैग मार्च के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल के साथ थाना प्रभारी ने कोटालपोखर मुख्य बाजार, रहीम ताड़, गांधी मुहल्ला, गनी चौक और शांति चौक समेत दर्जनों मोहल्लों का सघन भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों एवं आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
थाना प्रभारी पवन कुमार ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा आस्था और अनुशासन का पर्व है, जिसे सभी नागरिक आपसी प्रेम के साथ मनाएं। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की बात कही। सोशल मीडिया की निगरानी को लेकर उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी तरह की भ्रामक, आपत्तिजनक या तनाव पैदा करने वाली पोस्ट साझा न करें। क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस प्रशासन ने सख्त हिदायत दी कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस की इस मुस्तैदी और सक्रियता की स्थानीय ग्रामीणों ने सराहना की और प्रशासन को पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
Repoted By :- Saroj Kumar Jha, Prime Time News, Shaibganj.











