Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़ :- प्रतिनिधि। सदर प्रखंड की दादपुर पंचायत अंतर्गत पोखरिया गांव में हाल ही में लगाया गया नया चापाकल महज पांच दिनों के भीतर ही खराब हो गया। चापाकल बंद होने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है और ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूसरे चापाकलों तथा दूर-दराज के जलस्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, नए चापाकल से केवल पांच दिनों तक ही पानी मिला। इसके बाद वह अचानक काम करना बंद कर दिया। इससे सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है, जिन्हें रोजाना पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि नए चापाकल से लंबे समय तक पेयजल की समस्या दूर होने की उम्मीद थी, लेकिन कुछ ही दिनों में उसके खराब हो जाने से लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने चापाकल निर्माण एवं स्थापना कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से अविलंब चापाकल की मरम्मत कराने, दोषी एजेंसी या जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा भविष्य में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो गांव में पेयजल संकट और भी गंभीर रूप ले सकता है।
Reported By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











