Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Godda :- झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता बिहार के भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। महिला की शिकायत पर महागामा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया है कि खोया हुआ मोबाइल ओझा-गुनी के माध्यम से खोजने का झांसा देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ वरुण रजक के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसडीपीओ वरुण रजक ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वैज्ञानिक, तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक टोटो और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल जारी है।
Repoted By :- Shankar Suman, Prime Time News,Godda











