दुर्गापुर डैम बनेगा पर्यटन का नया आकर्षण, उपायुक्त ने विकास कार्यों को दी गति.

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

पाकुड़ :-  जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल दुर्गापुर डैम को आधुनिक पर्यटन एवं मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जाएं।

उन्होंने डैम परिसर में चार प्रकार की नौका (बोट) सुविधा विकसित करने, पर्यटकों की सुरक्षा के लिए गार्डरेल लगाने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा जलाशय की क्षमता बनाए रखने के लिए गाद निकासी (ड्रेजिंग) कराने के निर्देश दिए। साथ ही डैम के दूसरी ओर छोटे-छोटे कॉटेज विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने, आधुनिक शौचालयों का निर्माण कराने और आकर्षक सेल्फी प्वाइंट विकसित करने पर भी जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि इन सुविधाओं के विकसित होने से दुर्गापुर डैम जिले का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकेगा और अधिक संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करेगा।

उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास केवल आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना भी है। पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने से स्थानीय युवाओं, महिलाओं तथा छोटे व्यवसायियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।

निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सभी प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता मानकों, पर्यावरण संरक्षण और निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए पूरे किए जाएं, ताकि पाकुड़ के पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिले और यहां आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं यादगार अनुभव प्राप्त हो।

इस अवसर पर जिला क्रीड़ा पदाधिकारी सह जिला पर्यटन पदाधिकारी राहुल कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी, जिला पर्यटन विशेषज्ञ दीपन लाहिड़ी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!