Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
रामगढ़(Dumka) :- विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संकलन कार्य में अपेक्षित गति लाने के उद्देश्य से बुधवार रामगढ़ प्रखंड कार्यालय में सभी वॉलंटियर्स के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-निर्वाची निबंधन पदाधिकारी रामगढ़ कमलेंद्र कुमार सिन्हा ने की।बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की सफलता गणना प्रपत्रों के समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत वितरण तथा संकलन पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी वॉलंटियर्स से घर-घर संपर्क स्थापित कर मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने हेतु प्रेरित करने तथा भरे हुए प्रपत्रों को शीघ्र संकलित कराने का आह्वान किया।बैठक के दौरान वॉलंटियर्स को क्षेत्रवार कार्य योजना, प्रपत्र वितरण एवं संकलन की प्रक्रिया, मतदाताओं से समन्वय स्थापित करने के तरीके तथा कार्य की दैनिक प्रगति की जानकारी देने संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि कोई भी पात्र मतदाता गणना प्रपत्र प्राप्त करने अथवा जमा करने से वंचित न रहे।प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी संबंधितों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूर्ण करने हेतु समन्वित रूप से कार्य करने तथा गणना प्रपत्र वितरण एवं संकलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।बैठक में संबंधित प्रखंड निर्वाचन प्रभारी -सह- प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी, रामगढ़ ब्रजेश कुमार एवं सभी वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।
Repoted By :- Ramji Sah, Prime Time News,Dumka











