Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Jamtara :- जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के चरकी पहाड़ी गांव में बुधवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में 61 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान 61 वर्षीय सावित्री देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब सात बजे जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों से हमला किया गया।
परिजनों ने रामू पोद्दार, गेंदो पोद्दार, दिनेश पोद्दार, गुलटन पोद्दार, बजरंगी पोद्दार, पूजा देवी, बेबी देवी, संतोषी देवी, उषा देवी सहित अन्य लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। बताया गया कि सावित्री देवी अपने पोते कौशिक पोद्दार के लिए खेत में चाय लेकर जा रही थीं। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। बीच-बचाव करने के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट लग गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना में मृतका के पति अमृत पोद्दार और पुत्र प्रदीप पोद्दार भी घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दोनों का इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ वसीम रजा एवं करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बजरंग पोद्दार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसडीपीओ वसीम रजा ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले के वास्तविक कारण और दोषियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
Repoted By :- Rafique Ansari, Prime Time News, Jamtara.











