झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में मलेरिया जागरूकता अभियान आयोजित

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

जामताड़ा :- मलेरिया रोधी माह जून के उपलक्ष्य में मंगलवार को जामताड़ा जिले के फतेहपुर स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में मलेरिया जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुंडहित के डॉ. नवीन कुमार एवं एमपीडब्ल्यू की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डन, शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर विद्यालय की लगभग 50 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं को मलेरिया रोग, उसके लक्षण, फैलने के कारण तथा रोकथाम के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि मलेरिया एक मच्छरजनित बीमारी है, जिससे सावधानी और जागरूकता के माध्यम से बचाव संभव है। छात्राओं को बताया गया कि मलेरिया के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार के साथ सिरदर्द, बदन दर्द, ठंड लगकर कंपकंपी आना, उल्टी तथा बेचैनी शामिल हैं। बुखार होने पर तत्काल आरडीटी (रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट) या सूक्ष्मदर्शी जांच कराने तथा स्वास्थ्यकर्मी की देखरेख में पूरा उपचार लेने की सलाह दी गई।कार्यक्रम के दौरान मच्छरदानी के नियमित उपयोग, घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा पूरी बांह के कपड़े पहनने जैसे बचाव उपायों पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही छात्राओं को मलेरिया दूत बनकर अपने परिवार एवं गांव में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।मलेरिया जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार महालक्ष्मी कुमारी, द्वितीय पुरस्कार निशा मुर्मू एवं तृतीय पुरस्कार अंजना कुमारी को प्रदान किया गया। अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में वार्डन शांति कुमारी बास्की तथा शिक्षिकाएं बिना हांसदा, पापिया चौधरी, मीनू कुमारी, बबीता हेंब्रम एवं प्रमिला हेंब्रम उपस्थित थीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में मलेरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं समुदाय स्तर पर इसके नियंत्रण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।

Repoted By :- Rafique Ansari, Prime Time News, Jamtara.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!