Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
जामताड़ा :- जिला के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत बिंदापाथर थाना क्षेत्र के लायजोरी गांव निवासी एक विधवा महिला पिछले कई महीनों से अपने दिवंगत पति की बीमा राशि प्राप्त करने के लिए एक बीमा कंपनी के कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर है। पीड़िता ने कंपनी पर भुगतान में अनावश्यक विलंब करने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, लायजोरी निवासी स्वर्गीय खुशमुद्दीन अंसारी का निधन 6 जुलाई 2024 को बीमारी के कारण हो गया था। परिवार के अनुसार, खुशमुद्दीन अंसारी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने एक बीमा कंपनी में नियमित रूप से राशि जमा की थी।पति के निधन के बाद उनकी पत्नी तामाना बीबी को बीमा पॉलिसी की जानकारी मिली। इसके बाद से वह जमा राशि प्राप्त करने के लिए संबंधित बीमा कंपनी के कार्यालय का लगातार चक्कर लगा रही हैं। उनका आरोप है कि आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया गया है। तामाना बीबी ने बताया कि भुगतान में सबसे बड़ी बाधा उनके नाम में अंतर को लेकर उत्पन्न हुई है। बीमा दस्तावेजों में उनका नाम तामाना बीबी दर्ज है, जबकि आधार कार्ड में उनका नाम तामिन बीबी अंकित है। उनका कहना है कि दोनों नाम एक ही व्यक्ति के हैं और इस संबंध में उन्होंने शपथ पत्र (एफिडेविट) तैयार कराने के साथ-साथ मजिस्ट्रेट से सत्यापित प्रमाण-पत्र भी जमा कर दिया है।पीड़िता ने बताया कि वह आर्थिक रूप से काफी कमजोर हैं और उनके कई छोटे-छोटे बच्चे हैं। मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। ऐसे में बीमा राशि मिलने से परिवार को आर्थिक संबल मिल सकता है। तामाना बीबी ने बीमा कंपनी से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उनके दस्तावेजों में नाम संबंधी त्रुटि को संशोधित मानने तथा दिवंगत पति द्वारा जमा की गई राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है।
Repoted By :- Rafique Ansari, Prime Time News, Jamtara.











