Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Jamtara :- मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे प्रखंड के अंबा गांव में आंधी-तूफान और हल्की बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई| जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुंडहित लाया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल किशोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सिउड़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंबा गांव के पांच बच्चे हल्की बारिश के बीच आम चुनने के लिए गांव के पास गए थे। इसी दौरान आम के पेड़ के निकट अचानक बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से श्रीया बाउरी (13 वर्ष), पिता जालंधर बाउरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दिनू दास (16 वर्ष), पिता अर्जुन दास गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहीं अंचल कार्यालय से अंचल निरीक्षक अरुण कुमार यादव तथा हल्का कर्मचारी संदीप सोरेन भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अंबा पंचायत के मुखिया दुलु सिंह टुडू ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता एवं मुआवजा प्रक्रिया की जानकारी दी तथा आवश्यक कागजात तैयार करने का आग्रह किया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे। अधिकारियों द्वारा उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा था ताकि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
Repoted By :- Gautam Thakur, Prime Time News, Jamtara.











