पाकुड़ :- झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक धनुषपूजा स्थित जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली ने किया।
Edited By :- Shashi Kumar Prime Time News Desk.
बैठक में आगामी 12 जून को केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय एवं केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा के प्रस्तावित पाकुड़ आगमन को लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां तय की गईं।
इसके साथ ही विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बीएलए-2 कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, उनकी भूमिका तथा संगठनात्मक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और योग्य मतदाताओं के नाम सूची में सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने सभी प्रखंडों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर बूथ स्तर पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए और इसके लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
बैठक में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी कार्यकर्ताओं से ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक सक्रिय होकर मतदाता सूची सुधार अभियान में सहयोग करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











