पाकुड़ :- पुलिस अधीक्षक पाकुड़ अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) ने मंगलवार को जिला व्यवहार न्यायालय परिसर, पाकुड़ एवं न्यायाधीशों के आवासीय परिसर का व्यापक सुरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ कोर्ट सुरक्षा नोडल पदाधिकारी-सह-पुलिस उपाधीक्षक (मु.), प्रभारी विशेष शाखा तथा कोर्ट सुरक्षा प्रभारी भी मौजूद रहे।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरे, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD), हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD), कोर्ट हाजत, कैदी एस्कॉर्ट व्यवस्था तथा सुरक्षा में तैनात जवानों द्वारा की जा रही सघन तलाशी (Frisking) की गहन समीक्षा की गई।

समीक्षा के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने न्यायालय सुरक्षा में प्रतिनियुक्त सभी अधिकारियों एवं जवानों को पुलिस मुख्यालय, झारखंड, रांची द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रमुख निर्देश
बिना सघन तलाशी (Frisking) के किसी भी व्यक्ति को न्यायालय परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाए।
आग्नेयास्त्र, ज्वलनशील पदार्थ, नुकीली वस्तुएं एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर आने वाले व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहे।
कैदी एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारी एवं जवान कैदियों को लाने-ले जाने के दौरान विशेष सतर्कता एवं सुरक्षा मानकों का पालन करें।
न्यायालय परिसर एवं ज्यूडिशियल कॉलोनी में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात जवान किसी भी परिस्थिति में अपनी संतरी पोस्ट नहीं छोड़ेंगे।
सभी सुरक्षा पोस्टों पर तैनात जवान वायरलेस सेट के माध्यम से प्रत्येक दो घंटे पर खैरियत प्रतिवेदन वितंतु पर्यवेक्षक को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएंगे।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं चाक-चौबंद बनाए रखने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण का उद्देश्य न्यायालय परिसर एवं न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा को मजबूत करना तथा किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों का आकलन करना था।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











