Godda :- भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर शनिवार को महागामा प्रखंड सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनाराम हांसदा ने सभी पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के बीच जनगणना किट का वितरण किया।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

बीडीओ ने बताया कि किट में पहचान पत्र, प्रगणक डायरी और अन्य आवश्यक प्रपत्र शामिल हैं। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी, जिसके लिए सभी कर्मियों को पूर्व में प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। एक भी व्यक्ति छूटे नहीं और सभी आंकड़े शत-प्रतिशत सही हों, यह सुनिश्चित करना सभी कर्मियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रगणकों को घर-घर जाकर निष्ठा, पारदर्शिता और गोपनीयता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी देवीलाल सोरेन, गोकुल ठाकुर, रीतेश रंजन, मुरारी प्रसाद शर्मा, राजेंद्र पंडित, निलेश कुमार, सनातन कुमार दास, नियाज अहमद, शहजाद अनवर सहित बड़ी संख्या में पर्यवेक्षक एवं प्रगणक उपस्थित थे।
गौरतलब है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत हाउसलिस्टिंग एवं मकान सूचीकरण कार्य शनिवार से प्रारंभ हो गया है। महागामा प्रखंड में इस कार्य के लिए कुल 311 प्रगणक एवं 52 पर्यवेक्षक प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
Repoted By :- Shankar Suman, Prime Time News,Godda.











