Edited By –Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
जामताड़ा : राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी पर सामाजिक समरसता बिगाड़ने, ओछी राजनीति करने और सामाजिक माहौल को खराब करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई करने की मांग भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह गोड्डा जिला प्रभारी हरिमोहन मिश्रा ने की है। रविवार को अपने आवासीय कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर उन्होंने कहा कि डॉक्टर इरफान अंसारी सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से बयान बाजी करते रहते हैं।
उनके इस तरह के बयान से कभी हिंदुओं की भावना आहत होती है तो कभी आदिवासी की और कभी मुस्लिम समाज के लोगों को ग्लानि महसूस होती है। हरिमोहन मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री एक तरफ मंदिर मंदिर घूमते हैं, कलावा बंधाते हैं, तिलक लगाते हैं और आपको बता दूं कि इसके बाद जब वह अपनी गाड़ी में बैठते हैं तो सबसे पहला कलमा पढ़ते हैं ताकि मंदिर में जाने का जो दोष लगा है वह समाप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर इरफान अंसारी कभी हिंदुओं का हितैषी बनते हैं तो कभी आदिवासियों का मसीहा और कभी मुसलमानों का रहनुमा परंतु कोई भी उनसे पूरी तरह संतुष्ट नहीं है, क्योंकि समय-समय पर वे सभी के लिए अपने भीतर के उद्गार की अभिव्यक्ति करते रहते हैं। सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए धर्म और समाज का मजाक बनाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि हम भी 26 साल से राजनीतिक कर रहे हैं।
हिंदू हैं और हिंदू की राजनीति भी करते हैं पर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए किसी दूसरे धर्म का मजाक नहीं उडाते हैं और ना ही किसी धर्म से नफरत करते हैं। उन्होंने कहा कि इनके अलावा एक भी मुस्लिम नेता पूरे राज्य में नहीं हैं जिन्होंने कभी हिंदूओं की भावना को आहत करने का प्रयास किया हो या कभी हिंदू धर्म के खिलाफ बयान दिया हो। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी एकमात्र ऐसे नेता हैं जो जानबूझकर ऐसे बयान बाजी करते हैं ताकि एक सस्ती लोकप्रियता हासिल कर सकें। हमेशा धर्म विरोधी बयान देते हैं और फिर बाद में पलट जाते हैं। कैबिनेट मंत्री होने के बावजूद उनके इस हरकत का समाज में क्या असर पड़ता है इसके बारे में कभी नहीं सोचते हैं। उन्होंने कहा कि हम उनके इस तरह के बयानों की निंदा करते हैं और मांग करते हैं सरकार से कि इन पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि हमारे राज्य की बेहतर सामाजिक व्यवस्था खराब नहीं हो। इस मौके पर उपस्थित भाजपा नेता अब्दुल रकीब रहमानी ने भी मंत्री के बयान को आपत्तिजनक बताया और इस तरह की बयानबाजी से परहेज करने की नसीहत दी।
Repoted By -: Goutam Thakur, Prime Time News,Jamtara











