Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Pakur :- हाई स्कूल मोड़ के पास पुलिस को देख भाग रहे आरोपियों को पीछा कर दबोचा, बाइक व नशीला पदार्थ बरामद।
हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर हाई स्कूल मोड़, हाथकाठी के समीप विशेष छापेमारी दल ने कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से करीब पांच ग्राम ब्राउन शुगर, बिना नंबर प्लेट की हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल और सिल्वर पेपर रोल बरामद किया है। बरामद नशीला पदार्थ विल्स फ्लेक लिखे सिगरेट के डिब्बे में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति पाकुड़ से अवैध रूप से ब्राउन शुगर लेकर हिरणपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक पाकुड़ अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम को दंडाधिकारी के साथ हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य सड़क स्थित हाई स्कूल मोड़, हाथकाठी भेजा गया।
इसी दौरान पाकुड़ की ओर से बिना नंबर प्लेट की ब्लू-काला रंग की हीरो ग्लैमर बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही दोनों भागने लगे। विशेष दल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा दत्ता, पिता संदीप दत्ता, निवासी सुंदरपुर, थाना हिरणपुर तथा मो. जियाउल अंसारी, पिता मो. शमशेर अंसारी, निवासी कमलघाटी, थाना हिरणपुर के रूप में हुई है।
विधिवत तलाशी के दौरान पुलिस ने सिगरेट के डिब्बे में प्लास्टिक की पैकिंग में रखा करीब पांच ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया। इसके अलावा बाइक और सिल्वर पेपर रोल का एक टुकड़ा भी जब्त किया गया।
मामले को लेकर हिरणपुर थाना कांड संख्या 65/2026, दिनांक 12 सितंबर 2026 के तहत धारा 21(ए)/29 एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ कुमार गौरव, हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस पदाधिकारी जेना बालमुचु, अरुण कुमार राम, अमरजीत कुमार मिश्रा, एएसआई ज्योतिष चौधरी, सुरजमल पासवान सहित थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











