Edited By :-: Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
रामगढ़ (दुमका) :- आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की रूपरेखा, कार्यक्रमों के सुचारू संचालन तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में होने वाले झंडोत्तोलन के समय का निर्धारण भी किया गया, ताकि समारोह का आयोजन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समारोह को शांतिपूर्ण, भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित करने पर बल दिया।बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर मंडल, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी सुजीत कुमार, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रखंड कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए आवश्यक सहयोग एवं समन्वय का भरोसा दिलाया।
Repoted By :- Ramjee Sah, Prime Time News,Dumka.











