Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़ :- रेल यात्रियों को आधुनिक, तेज और सुविधाजनक टिकट सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल द्वारा पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर में मालगोदाम रोड स्थित रेलवे फुट ओवरब्रिज के नीचे ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) स्थापित की जा रही है। इसके लिए निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। गुरुवार को रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने निर्माणाधीन स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और तकनीकी तैयारियों का जायजा लिया।
इस सुविधा की स्थापना के पीछे नगर परिषद पाकुड़ की वार्ड पार्षद निभा देवी के लगातार प्रयासों की अहम भूमिका रही। उन्होंने रेल यात्रियों की बढ़ती सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे, हावड़ा के मंडल रेल प्रबंधक से कई बार एटीवीएम लगाने की मांग की थी। उनकी पहल पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक राहुल रंजन के निर्देशानुसार इस महत्वाकांक्षी योजना पर कार्य शुरू कराया गया।
संयुक्त निरीक्षण का नेतृत्व स्टेशन प्रबंधक एल. आर. हेम्ब्रम ने किया। निरीक्षण दल में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरभाष) संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ विद्युत अनुभाग अभियंता राजू कुमार तथा वाणिज्य पर्यवेक्षक सिकंदर मंडल शामिल रहे। अधिकारियों ने निर्माण कार्य, विद्युत आपूर्ति और दूरसंचार नेटवर्क सहित सभी तकनीकी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड पार्षद निभा देवी भी उपस्थित रहीं और अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन ने बताया कि एटीवीएम के लिए शेड एवं अन्य निर्माण कार्य अगले पांच दिनों के भीतर पूरा कर वाणिज्य विभाग को सौंप दिया जाएगा। वहीं वरिष्ठ विद्युत अनुभाग अभियंता राजू कुमार ने कहा कि मशीन के संचालन के लिए आवश्यक विद्युत आपूर्ति समय पर उपलब्ध करा दी जाएगी। वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरभाष) संजय कुमार ओझा ने बताया कि सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होते ही आवश्यक नेटवर्क लिंक उपलब्ध कराकर मशीन को चालू कर दिया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस माह के अंत तक सभी प्रक्रियाएं पूरी कर एटीवीएम का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। मशीन चालू होने के बाद यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। इससे टिकट निर्गमन की प्रक्रिया तेज, सरल और पारदर्शी बनेगी तथा विशेष रूप से दैनिक रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। आधुनिक टिकटिंग सुविधा शुरू होने से पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











