पाकुड़: शहीद पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार के शहादत दिवस के अवसर पर गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को पाकुड़ में भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) ने समाहरणालय परिसर स्थित शहीद अमरजीत बलिहार पार्क एवं शहीद अमरजीत बलिहार चौक पर स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें एवं उनके साथ सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

श्रद्धांजलि समारोह में शहीद पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार के साथ शहीद हुए चालक आरक्षी अशोक कुमार श्रीवास्तव, आरक्षी संतोष कुमार मंडल, आरक्षी चंदन कुमार थापा, आरक्षी राजीव कुमार शर्मा तथा आरक्षी मनोज कुमार हेम्ब्रम के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अनुदीप सिंह ने शहीदों के परिजनों को शॉल एवं स्मृति-उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके साहस, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्रसेवा की भावना को कभी भुलाया नहीं जा सकता। पाकुड़ पुलिस सदैव अपने शहीद साथियों और उनके परिवारों के सम्मान एवं सहयोग के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
कार्यक्रम में उप-विकास आयुक्त, पाकुड़, उपसमाहर्ता, पाकुड़, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ सहित जिले के अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि समारोह पूरे सम्मान, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











