पाकुड़ :- जिले में अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए जिला परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने बुधवार को काशीला, चौड़ा मोड़, रानीपुर चेकपोस्ट एवं हिरणपुर मुख्य मार्ग का औचक निरीक्षण कर माइनिंग वाहनों की गहन जांच की।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

निरीक्षण के दौरान माइनिंग चालान, वाहन दस्तावेज, फिटनेस, परमिट तथा वाहनों में लदे खनिज की वैधता की जांच की गई। साथ ही ओवरलोडिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित वाहनों की विशेष जांच कराई गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने जांच के दौरान पाया कि कुछ वाहन निर्धारित नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बिना वैध दस्तावेजों के परिचालन करने वाले तथा ओवरलोड खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और राजस्व संरक्षण के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने वाहन मालिकों और चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी आवश्यक कागजात अद्यतन रखें और निर्धारित क्षमता के अनुसार ही खनिज का परिवहन करें। परिवहन विभाग द्वारा आगे भी जिले के विभिन्न मार्गों पर औचक जांच अभियान जारी रहेगा।
इस कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग में संलिप्त वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने विभाग की इस पहल का स्वागत किया है।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











