महेशपुर/पाकुड़ :- पाकुड़ जिले की महेशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक घटना का महज 12 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की गई नगदी, मोबाइल फोन और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 जून 2026 को दोपहर करीब 1:55 बजे महेशपुर थाना क्षेत्र के दमदमा गांव स्थित एक घर में चोरी की घटना की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए महेशपुर थाना कांड संख्या-88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) एवं 331(6) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पाकुड़ अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेशपुर के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर त्वरित जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मुरारोई थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीआरा गांव निवासी अलाउद्दीन शेख की संलिप्तता की सूचना मिली। इसके बाद SIT ने छापेमारी कर महेशपुर थाना क्षेत्र के कांसादिग्धी गांव के समीप आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 4,000 रुपये नगद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 2 जून की रात दमदमा गांव निवासी रियाजुद्दीन शेख के घर में चोरी की थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कांसादिग्धी स्थित एक पुलिया के नीचे छिपाकर रखे गए चोरी के सामान बरामद किए। बरामद सामानों में एक रेडमी मोबाइल फोन, चांदी का बाला, चांदी का टीका तथा 12,500 रुपये नगद शामिल हैं।
बरामद सामान
16,500 रुपये नगद
एक रेडमी मोबाइल फोन
चांदी का बाला
चांदी का टीका
पुलिस के अनुसार आरोपी की अपराध करने की शैली क्षेत्र में घूम-घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना रही है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पश्चिम बंगाल के मुरारोई थाना में पूर्व से भी मामले दर्ज हैं।
आपराधिक इतिहास
मुरारोई थाना कांड संख्या-51/2019, धारा 461/380 भादवि।
मुरारोई थाना कांड संख्या-110/2019, धारा 399/402 भादवि।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
विजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महेशपुर
मदन शर्मा, पुलिस निरीक्षक, महेशपुर प्रभाग
रवि शर्मा, थाना प्रभारी, महेशपुर
अजय कुमार महता, पुलिस अवर निरीक्षक
जगनारायण शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक
अजय कुमार उपाध्याय, प्रभारी रद्दीपुर ओपी
महेशपुर थाना के सशस्त्र बल
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने महेशपुर पुलिस की सराहना की है।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











