Jamtara :- जामताड़ा महिला थाना की सुरक्षा व्यवस्था पर उस समय सवाल खड़े हो गए, जब पूछताछ के लिए थाना में रखी गई एक महिला शुक्रवार सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। महिला की तलाश में पुलिस टीम शहर के विभिन्न इलाकों में छानबीन कर रही है तथा आम लोगों से पूछताछ की जा रही है।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ निवासी एक महिला दो दिन पूर्व कर्माटांड़ थाना क्षेत्र पहुंची थी।महिला किसी शिकायत को लेकर थाना आई थी, लेकिन वह स्पष्ट रूप से अपनी बात पुलिस के सामने नहीं रख पा रही थी।इसके बाद बेहतर पूछताछ और महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कर्माटांड़ थाना ने उसे जामताड़ा महिला थाना भेज दिया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह महिला थाना से महिला अचानक लापता हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही महिला थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए। सुबह करीब 9 बजे से जामताड़ा शहर के विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस जवान महिला की तस्वीर लेकर अलग-अलग जगहों पर खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। *पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल* इस घटना के बाद पुलिस व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। थाना परिसर में रखी गई महिला आखिर कैसे गायब हो गई, इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। यदि महिला थाना से बाहर निकली, तो उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे, यह भी बड़ा सवाल बन गया है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि महिला थाना से भागी है या किसी अन्य परिस्थिति में गायब हुई है। *क्या कहते है एसपी* मामले को लेकर जामताड़ा एसपी शम्भु कुमार सिंह से संपर्क किए जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है। पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
Repoted By :- MD Rafique Ansari, Prime Time News, Jamtara.











