Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Pakur :- पाकुड़ से बड़ी खबर है, जहां नमो सेवा संकल्प अभियान के तहत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, पाकुड़ के परिसर में ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’ विषय पर भव्य नाट्य मंचन किया गया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने शानदार अभिनय के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा, संघर्ष, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया।
नाट्य मंचन के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, आयुष्मान भारत और स्वच्छ भारत मिशन समेत कई जनकल्याणकारी योजनाओं को बाल कलाकारों ने बेहद सरल और प्रभावी अंदाज में मंच पर प्रस्तुत किया।
बाल कलाकारों ने अलग-अलग किरदारों के माध्यम से यह समझाने का प्रयास किया कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य क्या है और इन योजनाओं से आम लोगों को किस तरह लाभ मिल सकता है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य हेमा कुमारी, जिला संयोजक विवेकानंद तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुग्राहित प्रसाद साह, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, भाजपा नेत्री प्राची चौधरी, निधि गुप्ता, अविनाश पंडित सहित आचार्यगण मौजूद रहे।
वहीं कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने बच्चों की रचनात्मक और प्रभावशाली प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम के संयोजक विवेकानंद तिवारी ने कहा कि नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा के साथ-साथ शासन, विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाने और लोगों को उनके लाभ से जोड़ने का संदेश बाल कलाकारों ने बेहद सहज तरीके से दिया।
कुल मिलाकर, पाकुड़ के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में हुआ यह नाट्य मंचन सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता और सेवा भावना का संदेश भी देता नजर आया।
Repoted By :- Saroj Kumar Jha, Prime Time News, Pakur.











