Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़ :- जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने बीड़ी पत्ता लदे आठ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन चालान के माध्यम से कुल 2,95,032 रुपये का जुर्माना लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहनों के परिचालन के दौरान ओवरलोडिंग, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित मामलों को लेकर परिवहन विभाग ने यह कार्रवाई की है। विभाग की ओर से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात नियमों का पालन कराना है। इसके तहत परिवहन विभाग द्वारा वाहनों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन करना सभी वाहन चालकों की जिम्मेदारी है। ओवरलोडिंग और खतरनाक तरीके से वाहन परिचालन करने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन के निर्देश पर परिवहन विभाग का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
Repoted By :- Saroj Kumar Jha, Prime Time News, Pakur.











