एक सप्ताह में शुरू होगा रबी बीज वितरण, लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

पाकुड़ :- जिले में कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान रबी फसल की तैयारी, बीज वितरण, पीएम-कुसुम योजना और किसान क्रेडिट कार्ड के लंबित आवेदनों की स्थिति पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि लैम्पस के माध्यम से रबी फसलों के बीज का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर एक सप्ताह के भीतर बीज वितरण शुरू करने को कहा गया, ताकि किसानों को समय पर बीज उपलब्ध हो सके और वे रबी फसलों की बुआई की तैयारी कर सकें।

पीएम-कुसुम योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लंबित इंस्टॉलेशन कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, जिससे लाभुकों को योजना का लाभ मिल सके।

वहीं, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना के तहत लंबित आवेदनों के निष्पादन पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित आवेदनों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पात्र किसानों को कृषि कार्यों के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त करने में परेशानी न हो।

बैठक में दीपावली से पहले मेधा के छह आउटलेट शुरू करने की तैयारी की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक का मुख्य उद्देश्य कृषि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समय पर पूरा करना और किसानों को आगामी रबी मौसम के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।

Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!