बरहरवा स्टेशन पर दबोचा गया अंतरराज्यीय चोर गिरोह का कथित सरगना

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

साहिबगंज :- रांची से चोरी के सोने की डिलीवरी कर लौटने की सूचना पर उत्तर दिनाजपुर पुलिस की कार्रवाई, बरहरवा जीआरपी का मिला सहयोग

पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले की ईटाहार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के कथित सरगना हसन चिकना को बरहरवा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वह रांची से चोरी के सोने की डिलीवरी करने के बाद वापस लौट रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उत्तर दिनाजपुर पुलिस की टीम पहले से बरहरवा स्टेशन पर निगरानी कर रही थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हसन चिकना के बरहरवा पहुंचने की सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर अभिषेक साह के नेतृत्व में करीब दो दर्जन पुलिस पदाधिकारियों की टीम सादे लिबास में स्टेशन परिसर में तैनात थी। ट्रेन से उतरने के बाद संदिग्ध को पुलिस की मौजूदगी का आभास हुआ और उसने भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

5 से 7 किलो सोना मिलने की चर्चा

गिरफ्तारी के बाद पुलिस सूत्रों से आरोपी के पास से करीब 5 से 7 किलो सोना बरामद होने की जानकारी सामने आयी है। हालांकि, बरामद सोने की वास्तविक मात्रा और उसकी कीमत की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गयी है। पुलिस द्वारा बरामदगी की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है।

कार्रवाई के बाद आरोपी को बरहरवा जीआरपी थाने लाया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात उत्तर दिनाजपुर पुलिस उसे अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गयी।

ईटाहार थाना कांड में था वांछित

बरहरवा जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, हसन चिकना ईटाहार थाना कांड संख्या 339/26 में पुलिस का वांछित आरोपी था। इसी मामले में उसकी तलाश की जा रही थी। उत्तर दिनाजपुर पुलिस को उसके बरहरवा आने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस से संपर्क कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गयी।

कई राज्यों में वारदात से जुड़ा होने का दावा

पुलिस के अनुसार, हसन चिकना का नाम विभिन्न राज्यों में हुई सोना चोरी की घटनाओं से जुड़ा बताया जाता है। बरहरवा के माधोपाड़ा तथा राधानगर थाना क्षेत्र के पियारपुर सहित कुछ अन्य स्थानों पर भी उसके ठिकाने होने की जानकारी पुलिस को मिली है। बोकारो स्थित एसबीआई बैंक में हुई चोरी के एक मामले में भी उसके आरोपी होने की बात पुलिस ने कही है।

हालांकि, इन सभी मामलों में उसकी भूमिका और आरोपों की स्थिति संबंधित थानों में दर्ज मामलों एवं चल रही जांच के आधार पर ही स्पष्ट होगी। फिलहाल उत्तर दिनाजपुर पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गयी है और बरामद सोने तथा अन्य आपराधिक मामलों में उसकी कथित संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जा रही है।

Repoted By :- Saroj Kumar Jha, Prime Time News, Shaibganj.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!