Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Dumka :- जिला पंचायती राज कार्यालय में सीएससी की ओर से एक दिवसीय बीमा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सीएससी के राज्य बीमा प्रमुख अंजन सहाय ने सेवा केंद्र संचालकों को सीएससी के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न बीमा सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सीएससी केंद्रों के माध्यम से दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों के अलावा बस, ट्रक, जेसीबी, हाइवा सहित विभिन्न व्यावसायिक वाहनों का बीमा कराया जा सकता है। वहीं जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
कार्यशाला में एसबीआई लाइफ के मनोज जी ने जीवन बीमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बीमा परिवार को आर्थिक सुरक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सेवा केंद्र संचालकों से आम लोगों को जीवन बीमा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
वहीं सीएससी जिला प्रबंधक शुभम झा ने स्वास्थ्य बीमा की उपयोगिता बताते हुए कहा कि बीमारी और इलाज के बढ़ते खर्च को देखते हुए लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य बीमा पर विचार करना चाहिए। उन्होंने बीमा कराने से पहले उसकी शर्तों, कवरेज और सुविधाओं की पूरी जानकारी लेने की बात कही।
उन्होंने बताया कि सीएससी के माध्यम से बकरी, भेड़, सूअर, गाय और भैंस सहित विभिन्न पशुओं का पशुधन बीमा भी कराया जा सकता है।
कार्यशाला में टाटा एआईजी के क्षेत्रीय प्रमुख गणेश कुमार शर्मा ने कंपनी की विभिन्न बीमा सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टाटा एआईजी के दोपहिया और चारपहिया वाहन बीमा समेत कई बीमा उत्पाद सीएससी पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम के दौरान पिछले वित्तीय वर्ष में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सेवा केंद्र संचालकों अभिषेक कुमार, मदन झा और सिदाम मंडल को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित संचालकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि लोगों को जागरूक करने और नियमित संपर्क के जरिए अधिक से अधिक लोगों को बीमा सेवाओं से जोड़ा जा सकता है।
कार्यशाला में डिजिटल पंचायत टीम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक रविंद्र राउत, प्रखंड प्रबंधक दीपक कुणार, हार्डवेयर अभियंता राकेश कुमार, टाटा एआईजी से सुशांत ओझा एवं शिव कुमार, एसबीआई लाइफ से मनोज जी सहित 50 से अधिक सेवा केंद्र संचालक मौजूद रहे।











