पाकुड़ जिला के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांचकी गांव में चोरी का प्रयास करते हुए एक व्यक्ति को घर के सदस्यों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
Repoted By – Saroj Jha (PTN PAKUR)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांचकी गांव निवासी उजायर हुसैन के घर में देर रात एक चोर घुस गया। घर का मुआयना करने के बाद चोर ने एक कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ने का प्रयास किया। ताला तोड़ने की आवाज सुनकर घरवाले जाग गए और मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख चोर भागने लगा और छत पर चढ़ गया, लेकिन घर के सदस्यों ने काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चोर को अपने कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथौड़ा, प्लायर, रिंच समेत अन्य औजार बरामद किए गए।
गिरफ्तार चोर की पहचान बेलपोखर गांव निवासी अलीम शेख के रूप में हुई है। मुफ्फसिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि चोरी के प्रयास के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। घर के मालिक उजायर हुसैन के आवेदन के आधार पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, अलीम शेख का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी जेल जा चुका है। पश्चिम बंगाल के शमशेरगंज थाना क्षेत्र में चोरी के मामलों में उसकी गिरफ्तारी को लेकर कई बार छापेमारी की जा चुकी है।
Editor By -Shashi Kumar (PTN NEWS DESK)











