Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़ :-जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झिकरहाटी गांव में छापेमारी कर पुलिस ने 95 लीटर अवैध देसी महुआ शराब बरामद की है। इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि झिकरहाटी गांव में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध महुआ शराब का निर्माण एवं बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि एक व्यक्ति घर के पीछे जंगल की ओर प्लास्टिक के जार लेकर जा रहा था। पुलिस टीम को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसके घर की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान घर तथा पास में खड़े एक ई-रिक्शा से कुल 95 लीटर अवैध देसी महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया और घर मालिक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पाकुड़ मुफस्सिल थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











