फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत “प्रोजेक्ट जागृति – बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के तहत सदर अस्पताल, सोनाजोड़ी में निःशुल्क हाइड्रोसिल ऑपरेशन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में अब तक कुल 7 मरीजों का सफल ऑपरेशन कर उन्हें नई जिंदगी प्रदान की गई।
Repoted By :- Saroj Jha (PTN Pakur)
शिविर की प्रगति का जायजा लेने के लिए उपायुक्त श्री मनीष कुमार स्वयं अस्पताल पहुंचे। उन्होंने ऑपरेशन करा चुके मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा अस्पताल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
मरीजों ने बताया कि ऑपरेशन के बाद उन्हें काफी राहत महसूस हो रही है और अब वे सामान्य जीवन जीने में सक्षम हो सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ऑपरेशन थियेटर सहित अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत इस प्रकार के निःशुल्क ऑपरेशन शिविरों का आयोजन कर जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आमजनों से अपील की कि फाइलेरिया या हाइड्रोसिल से पीड़ित व्यक्ति बिना संकोच आगे आएं और सरकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क उपचार सुविधा का लाभ उठाएं।
यह शिविर जिले में स्वास्थ्य जागरूकता एवं गंभीर बीमारियों के उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
Editor By:- Shashi Kumar(PTN NEWS DESK)











