
Reporter By :- Saroj Jha (Pakur).
Editor By :- Shashi Kumar.
पाकुड़ नगर परिषद चुनाव को लेकर बुधवार को भाजपा पाकुड़ द्वारा एक भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन अपर्णा मार्केट कॉम्प्लेक्स, पाकुड़ में किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पाकुड़ नगर परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी सम्पा साहा, चुनाव प्रभारी परितोष सोरेन, बबलू भगत, मीरा प्रवीण सिंह, अनुग्राहित प्रसाद साह, विवेकानंद तिवारी, अमृत पाण्डेय, बलराम दुबे, शर्मिला रजक, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नगर परिषद का यह चुनाव केवल एक पद का चुनाव नहीं, बल्कि पाकुड़ की दिशा और दशा तय करने वाला चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते दो वर्षों में नगर परिषद में अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनविरोधी कार्यशैली के कारण आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा इस चुनाव के माध्यम से नगर परिषद को भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता इस चुनाव को मिशन के रूप में लड़ेगा और मतदान के दिन सभी बूथों पर पूरी मजबूती के साथ तैनात रहेगा।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर से निकलती है और बूथ समिति तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं की संगठित मेहनत से ही यह सुनिश्चित होगा कि एक-एक वोट भाजपा समर्थित प्रत्याशी सम्पा साहा के पक्ष में पड़े। बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर भाजपा की नीति और नीयत तथा पूर्व में नगर परिषद में सम्पा साहा द्वारा किए गए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं और व्यापक जनसमर्थन तैयार करें।कार्यकर्ता सम्मेलन का संचालन जिला महामंत्री रूपेश भगत ने किया।











