Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Dumka :- रानीश्वर प्रखंड के मौजा टांगदाहा में प्रस्तावित विस्फोटक भंडारण मैगजीन को लेकर आस-पास के कई गांवों के ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर इस प्रस्ताव को तुरंत रद्द करने की मांग की है।
जायतारा, पाटुसाला, दतांनकाठी, पाकुरिया, पारपलसा, नयापाड़ा और पंचायत सालतोला के निवासियों ने अंचलाधिकारी रानीश्वर के माध्यम से दिए गए आवेदन में कहा कि दैनिक अखबार में 23.07.2026 को प्रकाशित सूचना के अनुसार मेसर्स गणेश इंटर प्राइसेस द्वारा मौजा टांगदाहा, खेसरा संख्या 83, 84, खाता संख्या 06 में विस्फोटक भंडारण हेतु मैगजीन स्थापित करने का प्रस्ताव है।

ग्रामीणों का कहना है कि उक्त जमीन उपजाऊ धानी जमीन है। नियम के अनुसार मैगजीन के 500 मीटर के दायरे में कोई आवासीय भवन, निर्माण कार्य और खेती-बाड़ी नहीं हो सकेगी, जिससे उनका जीवन-यापन सीधे प्रभावित होगा।
पत्र में आगे कहा गया है कि जमीन खरीद के समय ग्रामीणों को विस्फोटक भंडारण के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी और न ही ग्राम सभा से आम सहमति ली गई थी। ग्रामीणों ने कहा कि टांगदाहा और आस-पास के क्षेत्र में विस्फोटक भंडारण से सुरक्षा को गंभीर खतरा है और गांव में इसकी कोई आवश्यकता भी नहीं है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन विस्फोटक मैगजीन के बजाय टांगदाहा गांव में चावल मिल, पोल्ट्री फार्म और आटा मिल जैसे रोजगारपरक उद्योग स्थापित कराए, ताकि गांव के युवाओं को रोजगार मिल सके।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से सहानुभूतिपूर्वक विचार कर टांगदाहा में प्रस्तावित विस्फोटक भंडारण मैगजीन को रद्द करने की अपील की है।
Repoted By :- Tufan Ansari, Prime Time News,Dumka.











