Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़: केकेएम कॉलेज में सीट कटौती के विरोध में छात्रों का धरना-प्रदर्शन जारी, विधायक विधानसभा में उठाएंगे मामला
पाकुड़। केकेएम कॉलेज, पाकुड़ में सीटों में कटौती के विरोध में छात्र-छात्राओं का धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। आंदोलनरत विद्यार्थियों की मांग है कि कॉलेज में पूर्व निर्धारित सीटों की संख्या को बहाल किया जाए, ताकि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें उच्च शिक्षा से वंचित न होना पड़े।
छात्रों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए जिला कांग्रेस कमिटी की जिला महासचिव मोनिता कुमारी धरना स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने आंदोलनरत छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी ली। मोनिता कुमारी ने छात्रों की मांग को जायज बताते हुए उनके आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
इस दौरान मोनिता कुमारी ने पाकुड़ विधायक निसात आलम से फोन पर बातचीत कर केकेएम कॉलेज में सीट कटौती से उत्पन्न स्थिति और छात्रों के जारी आंदोलन से उन्हें अवगत कराया। विधायक निसात आलम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि चल रहे मानसून सत्र के दौरान इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा और छात्रों की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
धरना दे रहे छात्र-छात्राओं ने स्पष्ट किया कि जब तक कॉलेज में पूर्व की सीट संख्या बहाल करने की दिशा में सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, कांग्रेस की ओर से छात्रों की मांग का समर्थन करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया।
छात्रों का कहना है कि सीटों में कटौती का सीधा असर स्थानीय विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा के अवसरों पर पड़ेगा। ऐसे में कॉलेज में पूर्व की सीट संख्या बहाल करना विद्यार्थियों के हित में आवश्यक है।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











