साहेबगंज : शहर के संत जेवियर स्कूल अंग्रेजी माध्यम के प्रांगण में 26वें झारखंड स्टेट जूनियर बास्केटबॉल चैंपियनशिप के तहत बुधवार को बालक व बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला खेला गया। बालिका वर्ग में जैप 01 एवं जमशेदपुर की टीम में जबरदस्त भिड़ंत हुई।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

हालांकि जैप 01 की टीम ने जमशेदपुर की टीम को 44-32 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं बालक वर्ग में जमशेदपुर की टीम एवं ईस्ट सिंहभूम के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। जिसमें जमशेदपुर की टीम ने ईस्ट सिंहभूम को 75-65 से हरा कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं बालक वर्ग में तीसरे स्थान के लिए जैप-01 व दुमका के बीच मुकाबला हुआ।
जिसमें जैप-01 ने 44-34 से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में ईस्ट सिंहभूम की टीम ने टाटा स्टील को हरा कर तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं बालक वर्ग में जमशेदपुर के निखिल एवं बालिका वर्ग में जैप-01 की स्मिता ने प्लेयर ऑफ दी टूर्नामेंट का खिताब जीता। मुख्य अतिथि बास्केट बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के जेनरल सेक्रेटरी कुलदीप सिंह गिल सहित अन्य अतिथियों ने विजेता व उपविजेता सहित दोंनो वर्गों में प्लेयर ऑफ दी टूर्नामेंट को पुरस्कृत किया। मौके पर बजरंगी यादव, ज़िला ओलंपिक संघ अध्यक्ष राजेश यादव, अंतरराष्ट्रीय बास्केट बॉल प्लेयर मो वसीम अहमद खान, झारखंड बास्केट बॉल संघ के सचिव जय प्रकाश सिंह, साहेबगंज बास्केट बॉल संघ के वाइस प्रेसिडेंट ओपी चतुर्वेदी, सचिव बेन जॉनसन, संत जेवियर स्कूल के फादर अरूल डॉस, फादर जोश सहित अन्य मौजूद थे।
मौके पर बास्केट बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के जेनरल सेक्रेटरी कुलविंदर सिंह गिल ने कहा कि झारखंड बास्केट बॉल के प्रदर्शन में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। देहरादून में आयोजित अंडर-14 राष्ट्रीय स्पर्धा में झारखंड की टीम ने रजत पदक जीतकर इतिहास रचा है। साथ ही राज्य के एक खिलाड़ी को मेन ऑफ द सीरीज चुना गया था। साहेबगंज के संत जेवियर स्कूल के प्रिंसिपल व पाकुड़ के फादर रोजियो के साथ मिलकर भविष्य में यहां एक अत्याधुनिक बास्केट बॉल अकादमी खोलने पर विचार किया जा रहा है।पूर्व में आयोजित राज्य स्तरीय स्पर्धाओं में 15-18 टीमें ही हिस्सा लेती थीं। इस बार 35 टीमें स्पर्धा में भाग ले रही है।इसमें पन्द्रह बालिका टीम है। ये बास्केट बॉल के प्रति युवाओं में बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।
कहा कि खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए फेडरेशन इसी वर्ष एक प्रोफेशनल लीग शुरू करने जा रहा है।
जूनियर खिलाड़ियों के लिए फेडरेशन ने एनबीए और एसीजी के साथ समझौता किया है। कहा कि भविष्य में झारखंड की प्रोफेशनल लीग का आयोजन साहेबगंज में भी कराए जाने के बारे में विचार किया जा रहा है।

वहीं झारखंड बास्केट बॉल संघ के सचिव जय प्रकाश सिंह ने कहा कि झारखंड में बास्केट बॉल का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले मई महीने में सब-जूनियर स्टेट चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। दुमका और पाकुड़ के बाद अब गोड्डा जिले में भी बास्केट बॉल एसोसिएशन के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कहा कि फेडरेशन अब महिला बास्केट बॉल पर विशेष ध्यान दे रहा है। इसके लिए फेडरेशन और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में अस्मिता टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। भविष्य में साहेबगंज को भी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर दिया जाएगा।
Repoted By:- Arvind Thakur l, Prime Time News, Shaibganj.











