झारखंड पशुधन विकास योजना के तहत दिनांक 13 मई 2026 (बुधवार) को प्रखंड कार्यालय, जरमुंडी में ग्रामीण स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में चयनित लाभुकों के बीच पशुधन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, जरमुंडी श्री कुंदन भगत, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार चौधरी, प्रखंड नाजिर मयंक, आकांक्षी प्रखंड फेलो राजू कुमार, मनोज सिंह सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कुल 06 चयनित लाभुकों को योजना का लाभ प्रदान किया गया। इनमें 04 लाभुकों को 90 प्रतिशत अनुदान तथा 02 लाभुकों को 75 प्रतिशत अनुदान पर बकरी पालन इकाई उपलब्ध कराई गई। प्रत्येक लाभुक को 08 बकरी एवं 02 बकरा प्रदान किया गया, जिससे वे पशुपालन के माध्यम से अपनी आय बढ़ाकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकें।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री कुंदन भगत ने लाभुकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सफल होती हैं जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और वह उसे अपनी प्रगति का माध्यम बनाए। बकरी पालन न केवल अतिरिक्त आय का साधन है, बल्कि ग्रामीण परिवारों के लिए आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की एक सशक्त नींव भी है। मेहनत, लगन और सही देखभाल के माध्यम से लाभुक अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।

प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने लाभुकों को पशुपालन से संबंधित तकनीकी जानकारी देते हुए संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित टीकाकरण एवं रोग नियंत्रण के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की, ताकि लाभुक इस योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।

यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने, पशुपालन को प्रोत्साहित करने तथा लाभुकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। लाभुकों ने योजना का लाभ मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए सरकार एवं प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.











