Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Godda :- झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का मंगलवार को गोड्डा स्थित दिशोम गुरु शिबू सोरेन बायोडायवर्सिटी पार्क में भव्य समारोह के बीच अनावरण किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित.
इस अवसर पर पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन, उपायुक्त लोकेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, उप विकास आयुक्त श्रीकांत यशवंत विस्पुते, डीएफओ पवन बाघ समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने दिशोम गुरु के झारखंड राज्य निर्माण, आदिवासी समाज के उत्थान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए किए गए ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया। विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि महापुरुषों की स्मृतियों का संरक्षण नई पीढ़ी को उनके आदर्शों और मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
समारोह के अंत में सभी ने दिशोम गुरु के बताए मार्ग पर चलने तथा झारखंड के सर्वांगीण विकास और सामाजिक समरसता के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष बेबी देवी, नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रमानी, एसडीओ वैद्यनाथ उरांव, एसडीओ आलोक वरण केसरी, एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, डीएसपी जेपीएन चौधरी सहित सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Repoted By :- Shankar Suman, Prime Time News,Godda.











