रेल पटरी पर मिले प्रेमी युगल के क्षत-विक्षत शव, इलाके में सनसनी!

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

Jamtara :- झारखंड के जामताड़ा जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मदनकट्टा रेलखंड के नवाडीह-दुर्गापुर के समीप शनिवार सुबह रेल पटरी पर एक प्रेमी युगल के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

रेल पोल संख्या 271/4 और 271/5 के बीच दोनों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर करमाटांड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मृतकों की पहचान रॉकी कुमार मंडल और नाजिया खातून के रूप में हुई है। दोनों करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि करीब छह महीने पहले दोनों के रिश्ते की जानकारी परिजनों को हुई थी। उस समय भी दोनों घर से चले गए थे। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। जानकारी के मुताबिक, नाजिया की शादी भी करा दी गई थी, लेकिन दोनों के बीच संपर्क बना रहा।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को दोनों फिर अपने घरों से चले गए थे। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि दोनों ने गांव के दुर्गा मंदिर में शादी की थी। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

सोशल मीडिया पर कथित इंस्टाग्राम स्टोरी की भी चर्चा.

घटना के बाद सोशल मीडिया पर दोनों की एक कथित इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर चर्चा हो रही है। दावा किया जा रहा है कि इसमें दोनों के हाथ चुनरी से बंधे दिखाई दे रहे थे और साथ रहने की इच्छा व्यक्त की गई थी। हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल, इस दुखद घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!