काठीकुंड नाबालिग हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, 35 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार,मासूम की मौत से दहला काठीकुंड, पुलिस की त्वरित कार्रवाई में संदिग्ध गिरफ्तार—अब न्याय की उम्मीद!

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

 

Dumka :– दुमका जिले के काठीकुंड में नौवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 35 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिशु टुडू के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की और आरोपी की निशानदेही पर कुछ कपड़े भी बरामद किए हैं।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 की रात करीब साढ़े आठ बजे काठीकुंड थाना प्रभारी को सूचना मिली कि एक नाबालिग छात्रा स्कूल से लौटने के बाद शाम करीब साढ़े तीन बजे गांव के पास मैदान से गाय-बैल लाने गई थी, लेकिन घर वापस नहीं पहुंची।

जब छात्रा की मां उसे खोजने मैदान की ओर गईं, तो वहां पशुओं को बांधने वाली रस्सी और छात्रा की चप्पल मिली। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव से करीब 500 मीटर दूर चेकडैम के पास पुटूस की झाड़ियों में छात्रा का शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद किया गया।

इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी।

एसआईटी ने कैसे की जांच?

मामले में काठीकुंड थाना कांड संख्या 35/2026, दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक दुमका के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। पुलिस ने गुप्त सूचना, मानवीय स्रोतों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। इसके अलावा डॉग स्क्वाड, फिंगरप्रिंट टीम और एफएसएल टीम को भी जांच में शामिल किया गया।

पुलिस के अनुसार, जीतपुर, भंडारो, पिपरा और आसपास के गांवों में जांच-पड़ताल करते हुए करीब 500 लोगों से पूछताछ की गई। इसी दौरान रासी टोला पिपरा निवासी 35 वर्षीय शिशु टुडू पुलिस के संदेह के घेरे में आया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के निशानदेही पर कपड़े बरामद ?.

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शिशु टुडू, पिता स्वर्गीय शामू टुडू, निवासी रासी टोला पिपरा, थाना काठीकुंड, जिला दुमका है।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कथित तौर पर घटना से संबंधित तीन कपड़े बरामद किए हैं। इनमें एक भूरा चेकदार गमछा, एक नीले रंग का जांघिया और एक हरे-सफेद रंग की चेकदार टी-शर्ट शामिल है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और साक्ष्यों का परीक्षण महत्वपूर्ण होगा.

काठीकुंड की इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, लेकिन मामले में न्यायिक प्रक्रिया और साक्ष्यों के आधार पर ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा। पीड़ित परिवार को न्याय मिले और दोषी को कानून के अनुसार सजा मिले, यही सभी की उम्मीद है।

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!