Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
कोटालपोखर/साहेबगंज :- अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कोटालपोखर थाना पुलिस को चार नई पेट्रोलिंग बाइक उपलब्ध करायी गयी हैं। मंगलवार, 6 अक्टूबर को थाना परिसर से इन बाइकों को नियमित गश्ती के लिए रवाना किया गया। बाइक मिलने से थाना क्षेत्र में पुलिस की मोबाइल पेट्रोलिंग को गति मिलने की उम्मीद है।
*थाना प्रभारी पवन कुमार ने* बताया कि पेट्रोलिंग बाइक के माध्यम से पुलिसकर्मी नियमित रूप से ग्रामीण एवं संवेदनशील इलाकों में गश्त कर सकेंगे। किसी घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस टीम कम समय में मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई कर सकेगी।

उन्होंने कहा कि नई बाइक का इस्तेमाल लगातार पेट्रोलिंग के साथ-साथ असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किया जाएगा। खासकर ऐसे ग्रामीण और संवेदनशील क्षेत्र, जहां बड़े वाहनों से पहुंचने में समय लगता है, वहां बाइक पेट्रोलिंग पुलिस के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।
पुलिस की बढ़ी हुई सक्रियता से जहां अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी, वहीं आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत होगा। चार नई पेट्रोलिंग बाइक के परिचालन से कोटालपोखर थाना क्षेत्र में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और नियमित निगरानी व्यवस्था को नया बल मिला है।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Shaibganj.











