Edited :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
साहिबगंज: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कोटालपोखर थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बरहरवा इंस्पेक्टर संतोष राणा और कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार समेत जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को अपने-अपने पूजा पंडाल और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरा लगाना अनिवार्य किया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पंडाल, मुख्य रास्तों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में CCTV के जरिए संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी।
वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। थाना प्रभारी पवन कुमार ने कहा कि पूजा के दौरान हुड़दंग और अशांति फैलाने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
जुलूस के रास्तों, विसर्जन स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही लाउडस्पीकर और डीजे को लेकर जारी प्रशासनिक गाइडलाइन का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सभी ने शांतिपूर्ण, भाईचारे और सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाने का संकल्प लिया।
Repoted By :- Saroj Kumar Jha, Prime Time News, Pakur.











