Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News, Desk.
दुमका/सरैयाहाट। :- ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली 14 वर्षीय नाबालिग के लापता होने के मामले में सरैयाहाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को जमशेदपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं, मामले में नामजद आरोपी कृष्णा ठाकुर को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सरैयाहाट थाना क्षेत्र की रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो नाबालिग के पिता ने सरैयाहाट थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बैठा गांव निवासी कृष्णा ठाकुर के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस को नाबालिग के जमशेदपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर से नाबालिग को आरोपी के साथ बरामद कर लिया।
दोनों को सरैयाहाट थाना लाने के बाद पुलिस ने आवश्यक सत्यापन और पूछताछ की। इसके बाद नामजद आरोपी कृष्णा ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वहीं, पुलिस ने नाबालिग का बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा है। थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि नाबालिग के बयान और मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











