Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Sahibganj :- साहिबगंज से बड़ी और संवेदनशील खबर सामने आई है, जहां टीबी मुक्त भारत अभियान को मजबूती देने के लिए एक सराहनीय पहल की गई है।
साहिबगंज के सब डिवीजनल ऑफिसर अमर जॉन आइंद ने जिले के 50 टीबी मरीजों को गोद लेते हुए उन्हें पोषण किट वितरित किया।

इस दौरान एसडीओ ने टीबी मरीजों से सीधे संवाद किया और उन्हें नियमित रूप से समय पर दवा लेने की अपील की। उन्होंने साफ कहा कि टीबी का इलाज बीच में छोड़ना नहीं है और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा बंद नहीं करनी है।
एसडीओ ने मरीजों को पौष्टिक और संतुलित आहार लेने की सलाह देते हुए कहा कि इलाज के दौरान शरीर को पर्याप्त पोषण मिलना बेहद जरूरी है।
वहीं, पोषण किट के वितरण के जरिए मरीजों को यह भरोसा दिलाया गया कि टीबी के खिलाफ इस लड़ाई में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग उनके साथ खड़ा है।

कार्यक्रम में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. किरण माला, एसडीओ कार्यालय के कर्मी, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी और कर्मी तथा जिला यक्ष्मा केंद्र के कर्मचारी मौजूद रहे।
साहिबगंज में टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण सहायता देने की यह पहल लगातार आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सामूहिक प्रयास से टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और टीबी मुक्त साहिबगंज के लक्ष्य को हासिल करने की उम्मीद मजबूत हुई है।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Shaibganj.











