Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Dumka:- दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महाराष्ट्र पुलिस को मोबाइल लोकेशन के जरिए आरोपियों के हंसडीहा क्षेत्र में मौजूद होने की जानकारी मिली थी।
मोबाइल लोकेशन से खुला राज, महाराष्ट्र के तीन फरार आरोपी गिरफ्तार
सूचना के आधार पर महाराष्ट्र पुलिस ने हंसडीहा थाना पुलिस के सहयोग से रेलवे पटरी के समीप छापेमारी की और तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए गुलगुलिया समुदाय का भेष धारण कर माला बेच रहे थे।
गिरफ्तारी के दौरान कुछ लोगों द्वारा पुलिस टीम के साथ विवाद और कथित तौर पर हमला करने के प्रयास का भी स्टेशन डायरी में उल्लेख किया गया है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को दुमका न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 72 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस तीनों आरोपियों को अपने साथ महाराष्ट्र ले गई।
महाराष्ट्र पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की वारदात और उनके अन्य संभावित आपराधिक कनेक्शन के संबंध में आगे की जांच करेगी।











