Edited By, :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Jamtara :- जामताड़ा जिले के फतेहपुर बाजार समेत प्रखंड क्षेत्र में खाद दुकानदारों द्वारा किसानों से डीएपी और यूरिया की निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने की शिकायत को लेकर प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। अंचलाधिकारी प्रेम कुमार दास के निर्देश पर बुधवार को कृषि पदाधिकारी गौर किशोर महतो और अंचल निरीक्षक आकाश कुमार ने विभिन्न खाद दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि लिए जाने की शिकायत सही पाई गई। इससे पहले किसानों ने मौखिक और लिखित रूप से प्रशासन से शिकायत की थी। किसानों का आरोप था कि डीएपी और यूरिया खरीदने के दौरान दुकानदार निर्धारित सरकारी दर से अधिक राशि ले रहे हैं। शिकायत में फतेहपुर के प्यारे लाल मंडल, अंगूठिया के मनोज यादव,संजय इन्टरप्राइजेज अगुठियां समेत अन्य खाद दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद अंचलाधिकारी प्रेम कुमार दास ने मंगलवार को भी कई खाद दुकानों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया था। उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि किसानों से डीएपी और यूरिया की निर्धारित दर से अधिक राशि नहीं ली जाए।

इसके बावजूद बुधवार को हुई जांच में किसानों की शिकायतें सामने आईं। जांच के दौरान कुछ दुकानदारों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी सफाई देते हुए कहा कि उन्हें खाद की खरीद अधिक कीमत पर करनी पड़ती है। दुकानदारों का यह भी कहना था कि खाद के साथ कृषि उपयोग की कुछ अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। कई किसान अतिरिक्त सामग्री लेने में रुचि नहीं दिखाते हैं। लंबे समय तक सामग्री की बिक्री नहीं होने पर उसके खराब होने से दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ता है। इधर,किसानों का कहना है कि उन्हें उनकी जरूरत के अनुसार केवल खाद उपलब्ध कराई जाए और डीएपी व यूरिया निर्धारित सरकारी दर पर ही बेची जाए। किसानों ने कहा कि खेती के मौसम में खाद की जरूरत अधिक होती है। ऐसे में निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने से किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।प्रशासन ने खाद की बिक्री में निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने और किसानों को अतिरिक्त सामग्री लेने के लिए बाध्य किए जाने की शिकायत को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों ने खाद दुकानदारों को नियमों का पालन करने और किसानों से किसी भी प्रकार की मनमानी वसूली नहीं करने का निर्देश दिया है। अंचलाधिकारी प्रेम कुमार दास ने बताया कि खाद बिक्री में अनियमितता और किसानों से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने की शिकायत को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है।

मामले की जांच के लिए प्रखंड स्तर पर टीम गठित की गई है। जांच में यदि कोई दुकानदार दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए उपायुक्त को प्रतिवेदन भेजा जाएगा। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच शुरू होने के बाद खाद दुकानदारों में हड़कंप मचा है। वहीं, किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन की कार्रवाई के बाद उन्हें डीएपी और यूरिया निर्धारित दर पर उपलब्ध होगा और खाद के साथ अनावश्यक कृषि सामग्री लेने की बाध्यता से भी राहत मिलेगी।
Repoted By :- Rafique Ansari, Prime Time News, Jamtara.











