Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़/रांची :- रांची के हज हाउस में आयोजित गाला अवार्ड समारोह-2026 में झारखंड के करीब 500 मैट्रिक एवं इंटर के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा को सम्मान देने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए करियर मार्गदर्शन भी दिया गया।
समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण उस समय देखने को मिला, जब आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की एक मेधावी छात्रा की पढ़ाई में मदद के लिए पाकुड़ के समाजसेवी लुत्फुल हक ने उसे लैपटॉप भेंट किया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की और इसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए प्रोत्साहन की मिसाल बताया।

लुत्फुल हक ने कहा कि गरीबी किसी भी प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। आज के डिजिटल दौर में शिक्षा के लिए तकनीकी संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सही समय पर सहयोग मिले, तो वे बेहतर अवसरों का लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद और मेधावी विद्यार्थियों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी बच्चे की शिक्षा प्रभावित न हो। छात्रा को लैपटॉप प्रदान करने की पहल को समारोह में मौजूद लोगों ने मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल बताया।
गाला अवार्ड समारोह में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 500 मैट्रिक एवं इंटर टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा, करियर और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।
समारोह में मंत्री हफीजुल हसन, शिल्पी नेहा तिर्की, एमटी राजा, डीआईजी नौशाद आलम समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान और जरूरतमंद छात्रा को तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने की पहल ने समारोह को यादगार बना दिया।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











