Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
गोपीकांदर (दुमका) :- ओडमो पंचायत भवन में शुक्रवार को नवेली उत्तर प्रदेश पावर प्रोजेक्ट कंपनी और ग्रामीणों के बीच आयोजित बैठक हंगामे में बदल गई। ग्रामीणों ने कंपनी पर भ्रामक जानकारी फैलाने और ग्राम प्रधानों को बैठक में शामिल नहीं होने के लिए पत्र भेजने का आरोप लगाया।
बैठक में प्रोजेक्ट मैनेजर रमेश गोटे समेत कंपनी के कई अधिकारी शामिल हुए थे। ग्रामीणों ने जमीन अधिग्रहण, मुआवजा और विस्थापन से जुड़े सवालों पर लिखित जवाब की मांग की। आरोप है कि कंपनी की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए।

ग्रामीणों ने कंपनी पर गांवों में भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए पांच लाख रुपये जुर्माना लगाने की घोषणा की और अधिकारियों को पंचायत भवन में ही रोक लिया। देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी थी। कंपनी की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। देर रात को सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत पंचायत भवन पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई। अधिकारियों को 50 हजार का जुर्माना भरने के बाद छोड़ा गया।
Repoted By :- Nitesh Kumar Pal, Prime Time News,Dumka.











